
अशोक राजपथ पर जल्द यातायात सुगम होगा
text courtesy- Jagran.com
पटना। अशोक राजपथ पर जल्द यातायात सुगम होगा। इसके लिए कई निर्णय लिए गए हैं। शुक्रवार से गोविंद मित्रा और मखनिया कुआं रोड वनवे कर दिया जाएगा। गोविंद मित्रा रोड में वाहन सिर्फ अशोक राजपथ से बारी पथ की ओर जा सकेंगे। जबकि मखनिया कुआं में बारी पथ से अशोक राजपथ की ओर वाहन जाएंगे। दोनों ही रोड पर यातायात नियंत्रण के लिए दो शिफ्टों में कांस्टेबल तैनात किए जाएंगे।
गुरुवार को कारगिल से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआइटी) तक यातायात का भौतिक सर्वे करने के बाद आयुक्त आनंद किशोर ने यह जानकारी दी। बताया गया कि कारगिल चौक से एनआइटी के बीच अशोक राजपथ से जुड़ने वाले लिंक पथ जैसे खजांची रोड, रमना रोड, कुनकुन सिंह लेन की यातायात व्यवस्था सामान्य रहेगी और इसपर दोनों ही ओर से वाहन आ-जा सकेंगे। एंबुलेंस के परिचालन को वनवे प्रतिबंध से मुक्त रखा जाएगा।

आयुक्त आनंद किशोर /// setting new measures @ smart city
दूसरा महत्वपूर्ण निर्णय एनआइटी से कारगिल चौक की ओर आने वाले ई-रिक्शों के परिचालन को लेकर लिया गया। शुक्रवार से ई-रिक्शा एनआइटी की ओर से वाया अशोक राजपथ कारगिल चौक नहीं जा सकेंगे। इन्हें बारी पथ से होकर गांधी मैदान जाना होगा।
पीएमसीएच के मुख्य गेट से ही निकास व प्रवेश के कारण यातायात में आने वाली बाधा के मद्देनजर नई व्यवस्था के लिए सर्वे करने को कहा गया है। पीएमसीएच के प्राचार्य और अधीक्षक को प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेट बनाने के लिए सर्वे कर बताने को कहा गया है।
यातायात सर्वे के दौरान आयुक्त के साथ क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के सचिव सुशील कुमार, यातायात पुलिस अधीक्षक अमरकेश डी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे