तेजस्वी ने सीएम नीतीश को लिखा पत्र, कहा- बिहार में बन रहे फ़िल्म सिटी का नामकरण सुशांत के नाम पर हो!

Nishant karpatne

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राजगीर में निर्माणाधीन फ़िल्म सिटी का नामकरण अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के नाम पर करने का आग्रह किया है। इस संबंध में तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश को एक चिट्ठी भी लिखी है। शनिवार को तेजस्वी ने इस बाबत एक ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश को चिट्ठी में लिखा है कि बिहार की ऐतिहासिक धरती के होनहार सपूत और देश के उभरते युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के असामयिक निधन से पूरा देश मर्माहत है। मैं स्वयं भी उनके अचानक निधन से व्यथित हूं। तेजस्वी यादव ने आगे लिखा है कि अनुरोध है कि राज्य की जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए राजगीर में निर्माणाधीन फिल्‍म सिटी का नामकरण स्वर्गीय सुशांत सिंह राजपूत फिल्मसिटी करने की कृपा की जाए। यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद हाल ही में उनके पिता ने अपने बेटे को लेकर पहली बार बात की है। सुशांत के पिता के के सिंह ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि सुशांत के लिए उन्होंने और उनकी पत्नी ने मन्नत मांगी थी। उन्होंने कहा, हमने मन्नत मांगी थी। 3 साल तक मन्नत मांगने के बाद सुशांत का जन्म हुआ था। 4 लड़कियों में वह एक लड़का था। लेकिन वही जिनके लिए मन्नत मांगो वो ऐसे ही जाते हैं। मन्नत से मांगा हुआ ऐसा ही जाता है। लेकिन जो होना है उसे कोई नहीं रोक सकता। उसने कम ही दिन में इतना कुछ कर लिया था।

Share

Related posts: