समसामाजिक चुनौतियों से लड़ता नाटक कुच्ची का कानून की शानदार प्रस्तुति शुक्रवार को हुई । राजधानी पटना के प्रेमचंद रंगशाला के मुख्य मंच पर 19वां रंगकर्मी “प्रवीण स्मृति नाट्य उत्सव” के पहले दिन प्रवीण सांस्कृतिक मंच की ओर से नाटक मंचन किया गया। हिंदी में ऐसे नाटकों का प्रायः कम ही मंचन होता है, जो समसामयिक चुनौतियों को सामने रखता हो। शिवमूर्ति की इस कहानी का नाट्य रुपांतरण अविजीत चक्रवर्ती ने किया था वहीं परिकल्पना व निर्देशन बिज्येंद्र कुमार टॉक ने की थी। जिसमें नारी स्वतंत्रता व उनके सवालों को एक नये परिपेक्ष्य में पेश किया गया। नाटक की नायिका कुच्ची जब पंचायत में अपना पक्ष रखते हुए सवाल करती है कि जब मेरे हांथ, पैर, आंख, कान, नाक पर मेरा हक है, तो मेरे कोख पर मेरा हक क्यों नहीं हैं।

नायिका के इस सवाल ने समस्त दर्शकों को झकझोर कर रख दिया और यह सवाल उत्पन्न हुआ कि किसी स्त्री का पुरुष से शारिरीक संबंध बनाना व गर्भ धारण करना दोनों अवधारणा भिन्न - भिन्न हैं। स्त्री के गर्भ धारण को लेकर वैध व अवैध सवाल उठते रहे। ऐसे में एक स्त्री परिवार और समाज की प्रतिक्रियाओं के समाने परास्त होती रही। जिममें आगे यह दर्शाया गया कि स्त्री परास्त नहीं होती उसका यह तर्क स्वीकार करना पड़ता है कि जब उसके शरीर के तमाम अंगों पर उसका अधिकार है तो गर्भ धारण का अधिकार भी उसी का है। इसमें कोई बाहरी हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं की जा सकती । यह नाटक नारी की पीड़ा व उसकी आजादी पर सवाल करता हुआ प्रस्तुत होता है। वहीं पुरुष मानसिकता पर एक बड़ा सवाल भी उठाता है। वरिष्ठ रंग निर्देशक ने इस प्रस्तुति को धार देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मंच व्यवस्था से लेकर लाईटिंग पर विशेष ध्यान दिया। सभी अभिनेताओं ने अपनी मेहनत से प्रस्तुति को जीवंत बनाया। कई किरदारों की बेहतरीन अदाकारी ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। मंचन के दौरान दर्शक उसमें डूबे नजर आए। पात्रों में मनीष महिवाल ने हनुमान की छोटी सी भूमिका मे दर्शकों की ताली बटोरी, कुच्ची- रूबी खातून, बनवारी - मृत्युंजय प्रसाद, सास - उज्जवला गांगुली, रमेशर - मो. ज़फ़र आलम, सुलक्षणी - विनीता सिंह, बलई बाबा - राहुल रंजन, अइया - हेमा कुमारी , धनईबाबा-कुमार स्पर्श मिश्रा, लक्ष्मण चौधरी - कुणाल कुमार, सुघरा ठाकुराई - गरिमा त्रिपाठी, बिटानू - अभिषेक राज, कुट्टी - धनिष्ठा कुमारी,अन्य- कृष्ण कुमार, तान्या कुमारी धनिष्ठा आदि थे। वहीं संगीत संयोजन - रोहित चंद्रा, डफ - अभिषेक राज परिकल्पना एवं निर्देशन - बिजेंद्र कुमार टॉक ने किया।

//इससे पूर्व नुक्कड़ नाटकों की कड़ी में आशा रिपर्ट्री की ओर से भोलाराम का जीव की प्रस्तुति मो. जहांगीर खान के निर्देशन में की गयी। वहीं कल शाम विकट कवि नाटक का मंचन सत्य प्रकाश के निर्देशन में किया जाएगा।//