Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment

पटना, 8 अप्रैल 2026:
पटना स्थित जगजीवन राम संसदीय अध्ययन एवं राजनीतिक शोध संस्थान में पाल इंटेलेक्चुअल फोरम के तत्वावधान में 14वां पाल पारिवारिक मिलन सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. दिलीप कुमार ने की, जबकि संचालन फोरम के संयोजक डॉ. विनोद पाल ने किया। समारोह को चार सत्रों में आयोजित किया गया।
Amazon: दुनिया का सबसे बड़ा ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म, जहां आपको बेहतरीन डील्स और विश्वसनीय प्रोडक्ट्स मिलते
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में महेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर माल्यार्पण कर विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार ने कहा कि इस वर्ष का समारोह महिला दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि नारी केवल सृष्टि की सहभागी ही नहीं बल्कि सृजन की पहली कड़ी है। यदि उसे शिक्षा और अवसर मिलते हैं तो वह पीढ़ियों को संस्कारित करने के साथ परिवार और समाज को समृद्धि की दिशा भी दिखाती है। उन्होंने कहा कि नारी का उत्थान ही समाज के वास्तविक विकास का आधार है।

फोरम के संयोजक डॉ. विनोद पाल ने माता सावित्रीबाई फुले को अपना आदर्श बताते हुए महेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी अहिल्याबाई होलकर ने धैर्य और साहस के साथ समाज सुधार का आदर्श प्रस्तुत किया तथा सती प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि यह केवल पाल समाज ही नहीं बल्कि बहुजन समाज के लिए भी गौरव का विषय है।
डॉ. विनोद पाल ने सरकार से प्रमोशन में अति पिछड़ी जातियों को आरक्षण लागू करने, अपेक्षाकृत मजबूत जातियों को अलग करने तथा बिहार में अन्य सेवाओं में भी अति पिछड़ी जातियों के लिए आरक्षण की सीमा 18 प्रतिशत से बढ़ाकर 21 प्रतिशत करने की मांग की। उन्होंने इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सुरसंड विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रो. नागेंद्र राउत ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने एक सामान्य कार्यकर्ता को टिकट देकर विधानसभा तक पहुंचने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि वे पाल समाज के साथ-साथ बहुजन समाज के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाते रहेंगे।
इस मौके पर डॉ. ओ.पी. गुजेला ने कहा कि उनका सपना था कि पाल समाज का कोई प्रतिनिधि बिहार विधानसभा तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से पाल इंटेलेक्चुअल फोरम के माध्यम से समाज की भागीदारी की आवाज उठाते रहे हैं और आज प्रो. नागेंद्र राउत के विधायक बनने पर उन्हें अत्यंत खुशी हो रही है।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में “पाल दर्पण” अंक-5 का विमोचन किया गया, जबकि तृतीय सत्र में परिचय कार्यक्रम आयोजित हुआ। चौथे सत्र में बीपीएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों को “पाल प्रतिभा सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा समाज के सशक्तिकरण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को “पाल समर्पण सम्मान–2026” तथा उद्यमिता के क्षेत्र में योगदान देने वालों को “पाल उद्यमी सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया।
समारोह में उपेंद्र पाल, ई. संजय पाल, सत्यपाल, डॉ. राकेश पाल, बृजेश पाल, धीरज पाल, मनोज पाल, अशोक राय, कन्हैया पाल, कुशेश्वर राउत सहित लगभग 300 से अधिक लोगों ने अपने परिवार के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पाल समाज और बहुजन समाज के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने तथा वैज्ञानिक सोच के साथ समाज को मुख्यधारा में मजबूत रूप से स्थापित करने का संकल्प लिया।
Auto Amazon Links: No products found.