Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment

पटना। गाय घाट स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय, गुलजारबाग, पटना में वार्षिक खेलकूद समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी और खेल भावना ने पूरे परिसर को ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. एन. के. अग्रवाल, निदेशक, उच्च शिक्षा विभाग, बिहार सरकार, महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती श्रुति तेतरवे, उच्च शिक्षा विभाग के सेक्शन ऑफिसर श्री कुंदन किशोर तथा महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापिकाओं द्वारा गुब्बारे उड़ाकर किया गया। प्राचार्या श्रीमती श्रुति तेतरवे ने सभी सम्मानित अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया।
Amazon: दुनिया का सबसे बड़ा ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म, जहां आपको बेहतरीन डील्स और विश्वसनीय प्रोडक्ट्स मिलते


इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्री सत्यम सहाय, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम), पटना सिटी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

समारोह के दौरान महाविद्यालय में आयोजित 12 दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का औपचारिक समापन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने बैडमिंटन, कैरम, शतरंज, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, कबड्डी, खो-खो, गोली-चम्मच दौड़, 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, रस्सी कूद, स्लो साइकिल रेस, तीन टांगों की दौड़ तथा कराटे सहित विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर शिल्की कुमारी ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि अनुष्का कुमारी रनर-अप रहीं। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी की छात्राओं ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, वहीं अन्य छात्राओं द्वारा आकर्षक ड्रिल का प्रदर्शन किया गया। कराटे की छात्राओं ने अपनी कला और शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना बटोरी।

सभी प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. उषा यादव एवं डॉ. कुमारी मणि ने संयुक्त रूप से किया। अंत में खेलकूद प्रभारी डॉ. रंजु कुमारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, प्राचार्या, सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
Auto Amazon Links: No products found.