Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment
पटना, 04 जनवरी 2025: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज गोपालगंज जिले से प्रगति यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस यात्रा के दौरान उन्होंने लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से 72 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 7169.080 लाख रुपये की लागत से 61 योजनाओं का उद्घाटन और 6733.670 लाख रुपये की लागत से 11 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने गोपालगंज के सिधवलिया में 21.60 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के प्रशासनिक भवन, वर्कशॉप, स्टाफ हॉस्टल, कैंटीन ब्लॉक, प्राचार्य एवं उप प्राचार्य आवास, चाहरदीवारी, फर्नीचर, फर्निशिंग, और अन्य सुविधाओं का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने नए भवन का निरीक्षण किया और वर्कशॉप में उपलब्ध उपकरणों जैसे हैंड शीयरिंग मशीन, मेटल कटर, पिलर टाइप ड्रिल और सेंटर लेथ मशीन का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस भवन का नियमित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यहां स्टाफ और छात्रों के लिए आवासीय सुविधाएं दी गई हैं और छात्रों को प्रशिक्षण के लिए नवीनतम तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने सिधवलिया प्रखंड के पकड़ी गांव में विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत जीर्णोद्धार किए गए पकड़ी पोखर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोखर में सीढ़ीनुमा घाट का निर्माण कराया जाए, जिससे लोगों को जल तक पहुंचने में सुविधा हो। इसके साथ ही उन्होंने पोखर के आसपास पौधारोपण किया और मछली का जीरा तथा बतखें भी छोड़ीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 में शुरू किए गए जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत तालाबों, पोखरों और सार्वजनिक कुओं के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है। पकड़ी पोखर इसका एक शानदार उदाहरण है।
पकड़ी गांव में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने सतत् जीविकोपार्जन योजना के तहत गोपालगंज जिले के 1431 परिवारों को 4 करोड़ 31 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। इसके अलावा, 7050 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 40280 जीविका दीदियों को बैंक लिंकेज के माध्यम से 141 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता का चेक दिया गया।
मुख्यमंत्री ने तालाब मात्स्यिकी विशेष सहायता योजना के लाभुकों को भी सहायता प्रदान की। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके समूहों के माध्यम से न केवल उनकी आय बढ़ी है, बल्कि समाज में महिलाओं का सम्मान भी बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने पकड़ी गांव के वार्ड संख्या-8 में सामुदायिक भवन सह पुस्तकालय का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने पुस्तकालय का निरीक्षण किया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री की इस यात्रा के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं और जिला प्रशासन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता के हित में लगातार विकास कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर वर्ग और हर क्षेत्र का समग्र विकास करना है।
मुख्यमंत्री की इस प्रगति यात्रा ने न केवल जिले के विकास को नई दिशा दी है, बल्कि जनता के साथ सीधे संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी प्रदान किया है।