Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment
दुर्गा स्वरोत्सव 2025 के दूसरे दिन पंडित रितेश मिश्रा एवंरजनीश मिश्रा की शानदार प्रस्तुति
पटना : श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित तीन दिवसीय दुर्गा स्वरोत्सव 2025 के दूसरे दिन शास्त्रीय संगीत की सरस शाम का आयोजन हुआ। स्पिक मैके, श्रीम एजुकेशन ट्रस्ट, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, श्रीकृष्ण स्मारक समिति, आयुक्त कार्यालय (पटना प्रमंडल) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दूसरे दिन का शुभारंभ सांसद रविशंकर प्रसाद, मुख्य सूचना आयुक्त त्रिपुरारी शरण, पूर्व डीजीपी नीलमणि, स्पिक मैके की पूर्व अध्यक्ष डॉ. माया शंकर, संयोजक मनीष सिंह ठाकुर, श्रीम एजुकेशनल ट्रस्ट के ट्रस्टी अनूप कुमार, ट्रस्टी प्रतिमा कुमारी, ट्रस्टी अनीष कुमार व बिहार भाजपा कला संस्कृति प्रकोष्ठ के संयोजक वरुण कुमार सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक बनारस घराने के राजन मिश्रा के सपुत्र पंडित रितेश मिश्रा एवं रजनीश मिश्रा की लाजवाब गायकी के नाम रहा।
इनके साथ संगत कलाकार बिहार के सुप्रसिद्ध तबला वादक मिथिलेश मिश्रा एवं हारमोनियम पर विनय मिश्रा थे। बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित (संगीत नाटक अकादमी) सर्वप्रथम उन्होंने राग विहागरा से अपनी गायकी शुरुआत की तदोपरांत राग दुर्गा गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का समापन भजन के साथ हुआ।
इसके पश्चात बांसुरी वादक पद्मश्री पंडित रोनू मजूमदार और वायलिन वादक डॉ. मैसूर मंजूनाथ ने अपनी प्रस्तुति से शाम को और भी सुरीला बना दिया। तबले पर संगत कर रहे थे मशहूर तबला वादक अभिजीत बनर्जी एवं बिहार के बेटे मशहूर तबला वादक मिथिलेश मिश्रा। राग जय-जय बनती में दोनों की जुगलबंदी ने हॉल में मौजूद हर श्रोता को रोमांचित कर दिया और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के बारे में स्पिक मैके की पूर्व अध्यक्ष डॉ. माया शंकर ने बताया कि दुर्गा स्वरोत्सव का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय संगीत और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना है। वहीं स्पिक मैके के संयोजक मनीष सिंह ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम के तीसरे दिन दर्शकों को ख्याति प्राप्त कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। इस दिन विदुषी सूर्या गायत्री और विदुषी तनुश्री शंकर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत के सुधी श्रोता ने परम आनंद की अनुभूति प्राप्त की। देर रात तक चले इस संगीतमय आयोजन में संगीत प्रेमियों ने हर प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया।
Auto Amazon Links: No products found.