Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment
पटना, 27 मार्च 2025: बिहार में पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं। इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिलों में तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। 26 और 27 मार्च को नालंदा, गया और पटना जिलों में खेल मैदानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण और खेल विभाग के निदेशक महेन्द्र कुमार ने तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों के आवासन, भोजन, सुरक्षा, विधि व्यवस्था, खेल मैदानों की तैयारी, पेयजल, स्वच्छता, ट्रांसपोर्टेशन और शौचालय सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, जिला प्रशासन द्वारा खेल स्थलों के सौंदर्यीकरण और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई।
डॉ. बी. राजेंदर ने जानकारी दी कि 4 से 15 मई 2025 तक बिहार के पटना, नालंदा, गया, बेगूसराय और भागलपुर में 27 खेलों का आयोजन होगा। हालांकि, ट्रैक साइक्लिंग, शूटिंग और जिम्नास्टिक की प्रतियोगिताएं दिल्ली में आयोजित की जाएंगी।
बिहार में होने वाले खेलों के स्थल:
🔹 पटना: एथलेटिक्स, रग्बी सेवन ए साइड, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल (पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स), ई-स्पोर्ट्स, कुश्ती, जूडो (बीएमपी-5), बॉक्सिंग, टेबल टेनिस (पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रेलवे), टेनिस (आईएएस भवन), साइकिलिंग रोड (मरीन ड्राइव, गंगा पथ)।
🔹 नालंदा (राजगीर): फेंसिंग, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कबड्डी (राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स)।
🔹 गया: मलखंब, कलारीपयट्टु, योगासन (आईआईएम गया), गटका, खो-खो, थांगटा, स्विमिंग (बिपार्ड)।
🔹 भागलपुर: आर्चरी, बैडमिंटन (सैंडर्स कंपाउंड ग्राउंड और सैंडर्स कंपाउंड कॉम्प्लेक्स)।
🔹 बेगूसराय: फुटबॉल (पुरुष: यमुना भगत कॉम्प्लेक्स, महिला: आईओसीएल बरौनी)।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी स्टाफ के रहने-खाने की समुचित व्यवस्था खेल स्थलों के पास ही की जाएगी, जिससे प्रतियोगिता के दौरान आवाजाही में कोई परेशानी न हो। पटना, गया, राजगीर और भागलपुर में खेल केंद्रों पर ही ठहरने और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
खेलों के सुचारु संचालन और आयोजन के लिए NRSS पोर्टल के माध्यम से समिति का गठन किया जाएगा। इसके अलावा, जिला प्रशासन द्वारा आयोजन, संचालन और सौंदर्यीकरण पर कार्य किया जाएगा। प्रतियोगिता को अनुशासित रूप से संचालित करने के लिए नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस के स्वयंसेवकों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा, ताकि वे वालंटियर के रूप में कार्य कर सकें।
समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण, खेल विभाग के निदेशक महेन्द्र कुमार, संयुक्त सचिव (भवन निर्माण) आशुतोष द्विवेदी, बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलसचिव रजनीकांत, नालंदा के प्रभारी जिलाधिकारी दीपक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी, उप विकास आयुक्त कुंडलिक खांडेकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बिहार में पहली बार हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 को भव्य और सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इस आयोजन से प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मौका मिलेगा।