Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment
विभागों के साथ जॉइंट विजिट कर दूर की जाएगी नाला उड़ाही की समस्या
पटना- 25 फरवरी 2025
प्री मानसून को लेकर पटना नगर निगम द्वारा बुडको ( बिहार शहरी आधारभुत संरचना विकास निगम लिमिटेड ) के साथ अंतर विभागीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान नगर आयुक्त श्री अनिमेष कुमार पराशर सह एमडी बुडको द्वारा नाला उड़ाही, नए नालों के निर्माण एवं कनेक्शन, नाला के आसपास पोल, अतिक्रमण एवं जलनिकासी सम्बंधित समस्याओं पर विभाग वार विस्तृत चर्चा की गई। बुडको एवं नगर निगम के साथ समन्वय कर शार्ट एवं लॉन्ग टर्म प्लान बनाने का निर्देश दिया गया। 28 फरवरी को अन्य विभागों के साथ भी बैठक आयोजित कर समस्याओं को दूर करने का निर्देश दिया।
पटना नगर निगम क्षेत्र में मॉनसून पूर्व जलनिकासी में बाधा के निराकरण को ले कर बुडको को निर्देश
नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत आगामी मानसून के दौरान जल निकासी हेतु युद्ध स्तर पर नाला उड़ाही का कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही अन्य कार्यकारी एजेंसी ( नमामी गंगे, गेल )एवं अन्य के द्वारा पटना नगर निगम क्षेत्र में कराए जा रहे , निर्माण कार्य से जल निकासी में संभावित बाधा के निराकरण हेतु नगर निगम के आयुक्त श्री अनिमेष कुमार पराशर ने बुडको के पदाधिकारियों को निर्देशित किया।
अंचलवार 61 समस्याओं को किया गया है चिन्हित
पटना नगर निगम द्वारा अंचलवार समस्याओं को चिन्हित किया गया है। नूतन राजधानी अंचल, कंकड़बाग, पाटलिपुत्र, अजीमाबाद और पटना सिटी अंचल के विभिन्न वार्ड के कुल 61 जगहों पर समस्याएं है, जिसमें नाला निर्माण, रोड की पिचिंग सहित कई समस्याएं सामने आई है। पटना नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार नमामि गंगे, बुडको द्वारा चलाए जा रहे निर्माण कार्य को देखते हुए दिया गया है।
विभागवार समस्याएं
बुडको – 42 ( टूटे नाले एवं नए नाले का निर्माण )
नमामी गंगे- 19( ध्वस्त सड़कों का निर्माण/मरम्मती )
कुल- 61
नाला एवं संप हाउस में जॉइंट विजिट कर दूर की जाएगी समस्याएं
बैठक के दौरान मॉनसून पुर्व ही जलनिकासी की समस्याओं के लिए संबंधित विभाग के साथ अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी एवं अभियंता जॉइंट विजिट कर समस्या को देखेंगे और समन्वय बना कर उसे दूर करेंगे।
वाट्सअप ग्रुप से कार्य की प्रतिदिन होगी निगरानी
सभी विभागों के कार्य ससमय पूर्ण करने के लिए एक वाट्सअप ग्रुप है। जहाँ प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा की जायेगी। सभी वरीय पदाधिकारी को इसमें समस्या एवं कार्य की प्रगति रिपोर्ट एवं तस्वीर डालने के लिए निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान पटना नगर निगम एवं बुडको के पदाधिकारी मौजूद रहे।