Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment

पटना : प्रधान शिक्षक संघर्ष मोर्चा, बिहार के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के शिक्षा मंत्री से शिष्टाचार भेंट कर प्रधान शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान शिक्षकों के वाजिब वेतनमान एवं स्पष्ट स्थानांतरण नीति सहित विभिन्न मुद्दों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन शिक्षा मंत्री को सौंपा।
मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधान शिक्षक विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने, प्रशासनिक कार्यों के संचालन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें उनके दायित्वों के अनुरूप सुविधाएं एवं सेवा शर्तें उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने सरकार से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से प्रधान शिक्षकों के कार्यभार एवं जिम्मेदारियों के अनुरूप सम्मानजनक वेतनमान निर्धारित करने, उनके लिए पारदर्शी एवं व्यावहारिक स्थानांतरण नीति लागू करने तथा सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु सरकार एवं प्रधान शिक्षक प्रतिनिधियों के बीच नियमित संवाद स्थापित करने की मांग की गई।
मोर्चा ने कहा कि प्रधान शिक्षकों की मांगें केवल उनके हितों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं सुदृढ़ बनाने से भी जुड़ी हुई हैं। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।
प्रतिनिधिमंडल में मोर्चा के संयोजक आनंद मिश्रा, राज्य कमेटी सदस्य मुकेश कुमार राज, सैयद शाकिर इमाम, नीरज नयन आनंद, ज्योति कुमार रंजन एवं संतोष लाल शामिल थे।
प्रधान शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने ज्ञापन पर सकारात्मक आश्वासन देने के लिए शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि प्रधान शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।