Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment

पटना, 28 अक्टूबर 2026: संत माइकल हाई स्कूल, पटना में बुधवार को बहुप्रतीक्षित मॉन्टेसरी कॉन्सर्ट का आयोजन किया गया। ‘विद्या ददाति विनयम्’ अर्थात शिक्षा विनम्रता प्रदान करती है, विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रंगारंग नृत्य और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से ज्ञान, विनम्रता, करुणा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आईएफएस अधिकारी सत्यजीत कुमार, विशिष्ट अतिथि डॉ. अभिजीत कुमार झा तथा सम्मानित अतिथि डॉ. मनीष कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और परिचय के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय गान, दीप प्रज्वलन और मॉन्टेसरी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना नृत्य ने आयोजन का शुभारंभ किया।
विद्यालय के प्राचार्य फादर ए. क्रिस्टु सवरिराजन, एसजे ने स्वागत भाषण में अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने शिक्षा, संस्कार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के महत्व को रेखांकित किया।



कार्यक्रम में बच्चों ने साक्षरता डांस, ब्लिंग डांस, फैशन एंड किंग डांस, उपलब्धि डांस और स्पाई डांस सहित कई प्रस्तुतियां दीं। मां और बेटों पर आधारित भावनात्मक नृत्य ने माता-पिता के निःस्वार्थ प्रेम और त्याग को दर्शाया। वहीं, हेल्पिंग डांस और ‘शेयरिंग इज केयरिंग’ प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने दया, उदारता और दूसरों की सहायता करने का संदेश दिया।

‘ग्रीन बीट्स’ नृत्य के जरिए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया, जबकि ‘उबंटू डांस’ ने एकजुटता, आपसी सहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व को उजागर किया। ‘सेलिब्रेटिंग द ट्रांसफॉर्मेशन’ प्रस्तुति में दिखाया गया कि शिक्षा किस प्रकार बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।



इस अवसर पर मुख्य अतिथि सत्यजीत कुमार का सम्मान किया गया। उनके संबोधन ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। समारोह का समापन भव्य ग्रैंड फिनाले के साथ हुआ, जिसमें नन्हे कलाकारों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


विद्यालय की उप-प्राचार्या सिस्टर मैगदली बेक, एसएसएच ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और कर्मचारियों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस कॉन्सर्ट ने शिक्षा के साथ विनम्रता, दयालुता, कृतज्ञता और सेवा जैसे जीवन मूल्यों के विकास के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

Auto Amazon Links: No products found.