51 जोड़ों का एक साथ हुआ विवाह, 14 दिव्यांग दंपतियों ने भी रचाया इतिहास

पटना। समाजसेवा और मानवीय सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए मां वैष्णो देवी सेवा समिति ने रविवार को श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित अपने 14वें सामूहिक विवाह समारोह में 51 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया। इनमें 14 दिव्यांग जोड़े भी शामिल रहे, जिन्होंने जीवन की नई शुरुआत की।

विवाह समारोह से पहले महाराणा प्रताप भवन में दूल्हा-दुल्हनों की हल्दी, मेहंदी, मटकोर और संगीत जैसी पारंपरिक रस्में संपन्न कराई गईं। इसके बाद लाल जोड़े में सजी दुल्हनें वातानुकूलित बसों से और दूल्हे घोड़े पर सवार होकर विवाह स्थल पहुंचे। बैंड-बाजों की धुन पर नाचते-गाते परिजनों ने पूरे मार्ग को उत्सवमय बना दिया।

श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल पहुंचने पर समिति के पदाधिकारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बारातियों का स्वागत किया। इसके बाद जयमाल, सप्तपदी और अन्य वैदिक विवाह संस्कार संपन्न हुए। समारोह के लिए 51 अलग-अलग मंडप बनाए गए थे, जहां विद्वान आचार्यों के निर्देशन में सभी वैवाहिक रस्में पूरी कराई गईं।

कार्यक्रम का संचालन रेडियो जॉकी शशि ने किया। समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पटना की मेयर सीता साहू, विधायक संजय गुप्ता, विधायक रत्नेश कुमार, लोकगायिका मैथिली ठाकुर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

समिति के संस्थापकों और पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2010 में वैशाली जिले के एक गांव में आग लगने की घटना के बाद कई गरीब परिवारों की बेटियों की शादियां प्रभावित हुई थीं। उसी घटना से प्रेरित होकर संस्था ने सामूहिक विवाह अभियान की शुरुआत की थी। तब से अब तक 636 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है, जिनमें 65 दिव्यांग जोड़े भी शामिल हैं।

ALSO READ  राज्यपाल ने दिव्यांगों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में भाग लिया

संस्था की सामाजिक सेवाओं की सराहना राष्ट्रीय स्तर पर भी हो चुकी है। महानायक अमिताभ बच्चन ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच से संस्था के कार्यों की प्रशंसा की थी, जबकि अभिनेता शाहरुख खान ने इसके रक्तदान अभियान से युवाओं को जुड़ने की अपील की थी।

समिति केवल सामूहिक विवाह तक सीमित नहीं है। यह संस्था एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं के सम्मान, जरूरतमंदों के अंतिम संस्कार हेतु वातानुकूलित मुक्ति रथ सेवा, थैलेसीमिया एवं कैंसर जागरूकता अभियान तथा नियमित रक्तदान शिविरों का भी संचालन करती है।

समारोह के दौरान थैलेसीमिया को मात देने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल के बाहर लगभग 16 हजार वर्गफुट क्षेत्र में विशाल पंडाल बनाया गया था, जबकि खानपान और अन्य व्यवस्थाओं के संचालन में करीब 600 स्वयंसेवकों ने योगदान दिया।

इस अवसर पर ‘मां वैष्णो देवी सेवा सम्मान’ से पत्रकार महिमा सिंह और सुप्रिय प्रसाद सहित अनुपम कृष्ण दास, मृत्युंजय तिवारी, नीरज झा तथा फिल्म कलाकार बुल्लू कुमार को सम्मानित किया गया।

patnaites.com
Latest posts by patnaites.com (see all)
ALSO READ  Pentagon Pizza Index
Share your love
patnaites.com
patnaites.com

Established in 2008, Patnaites.com was founded with a mission to keep Patnaites (the people of Patna) well-informed about the city and globe.

At Patnaites.com, we cater Hyperlocal Coverage to
Global and viral news and views. ensuring that you are up-to-date with everything from sports events to campus activities, stage performances, dance and drama shows, exhibitions, and the rich cultural tapestry that makes Patna unique.

Patnaites.com brings you news from around the globe, including global events, tech developments, lifestyle insights, and entertainment news.

Articles: 1665