स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत की अपील—आइए, हम सब मिलकर स्वस्थ और टीबी मुक्त बिहार बनाएं

  • लोक भवन में ‘टीबी मुक्त बिहार’ पर उच्चस्तरीय संगोष्ठी आयोजित, माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल

पटना, 30 सितंबर 2026। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बिहार लोक भवन, पटना में बुधवार को ‘टीबी मुक्त बिहार’ विषय पर उच्चस्तरीय विचार-विमर्श संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत भी उपस्थित रहे।

संगोष्ठी में टीबी की समय पर पहचान, जांच एवं उपचार, मरीजों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, नई उपचार तकनीकों और जनभागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। मरीजों को उपचार बीच में नहीं छोड़ने के लिए प्रेरित करने तथा उनकी जरूरतों के अनुरूप बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। टीबी से स्वस्थ हो चुके लोगों और फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने कहा कि राज्य सरकार बिहार को टीबी मुक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने माननीय राज्यपाल महोदय के मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 10 जून 2026 को अधिवेशन भवन में आयोजित ‘टीबी मुक्त बिहार’ कार्यक्रम में राज्यपाल महोदय द्वारा दिए गए सुझावों से विभाग को लाभ मिला था।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि टीबी की जांच एवं उपचार की सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। अगमकुआं, पटना स्थित यक्ष्मा प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण केंद्र सहित दरभंगा, भागलपुर और आईजीआईएमएस, पटना में जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। पावापुरी में केंद्र निर्माणाधीन है। पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, एसकेएमसीएच, डीएमसीएच, जेएलएनएमसीएच और एएनएमएमसीएच में ड्रग रेजिस्टेंट टीबी के नोडल केंद्र स्थापित किए गए हैं। अन्य सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में भी ऐसे केंद्र स्थापित करने की योजना है।

ALSO READ  Chief Minister and Governor Attend Ravana Dahan Ceremony in Patna

उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 38 जिलों में जिला टीबी केंद्र संचालित हैं। मरीजों की निःशुल्क एक्सरे जांच के लिए 499 केंद्र कार्यरत हैं। दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पटना और दरभंगा में राज्यस्तरीय तथा प्रत्येक जिले में जिलास्तरीय टीबी दवा भंडार की व्यवस्था है। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर समितियां भी गठित की गई हैं।

स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने बताया कि अभियान के तहत बिहार में अब तक 3 करोड़ 50 लाख 61 हजार लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें 3 लाख 97 हजार 409 टीबी मरीजों की पहचान हुई है, जिनका उपचार किया जा रहा है। मरीजों के परिवारों को भी संक्रमण से बचाव की जानकारी दी जा रही है।

निक्षय पोषण योजना के तहत चिह्नित मरीजों को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। निक्षय मित्रों के सहयोग से अब तक लगभग 66 हजार फूड बास्केट वितरित किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं और आम नागरिकों से निक्षय मित्र बनकर मरीजों की सहायता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विभाग मरीजों के अस्पताल आने की प्रतीक्षा करने के बजाय उन तक पहुंचकर स्क्रीनिंग कर रहा है। टीबी उन्मूलन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे और स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता से कार्य करता रहेगा। उन्होंने अपील की, “आइए, हम सब मिलकर स्वस्थ और टीबी मुक्त बिहार बनाएं।”

ALSO READ  सीमा कोहली और प्रो० अमरेश कुमार की रेट्रोस्पेक्टिव प्रदर्शनी की शुरुआत

patnaites.com
Share your love
patnaites.com
patnaites.com

Established in 2008, Patnaites.com was founded with a mission to keep Patnaites (the people of Patna) well-informed about the city and globe.

At Patnaites.com, we cater Hyperlocal Coverage to
Global and viral news and views. ensuring that you are up-to-date with everything from sports events to campus activities, stage performances, dance and drama shows, exhibitions, and the rich cultural tapestry that makes Patna unique.

Patnaites.com brings you news from around the globe, including global events, tech developments, lifestyle insights, and entertainment news.

Articles: 1701