Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment

पटना। खगौल दानापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) परिसर में अस्पताल की सुंदरता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुराने गोलंबर का रंगरोगन एवं मरम्मत कार्य कराया गया है। अस्पताल परिसर में फूलों के पौधे लगाने और हरित वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से यह गोलंबर वर्ष 2012 में वार्ड संख्या 27 के तत्कालीन पार्षद प्रशांत कुमार सिंह की पहल पर बनाया गया था।

समय के साथ-साथ अस्पताल परिसर में नए भवन के निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों के आवागमन से गोलंबर क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके कारण इसकी आकर्षकता भी कम हो गई थी। अस्पताल प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अब इसकी मरम्मत कराकर पुनः रंगरोगन किया गया है, जिससे इसकी सुंदरता लौट आई है।
गोलंबर के आसपास फूलों एवं सजावटी पौधों का रोपण भी किया जा रहा है। इससे अस्पताल परिसर का वातावरण और अधिक स्वच्छ, हराभरा एवं आकर्षक बनेगा। मरीजों और उनके परिजनों को भी अस्पताल में बेहतर माहौल का अनुभव होगा।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल केवल इलाज का केंद्र ही नहीं, बल्कि स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण का भी प्रतीक होना चाहिए। गोलंबर के जीर्णोद्धार से परिसर की शोभा बढ़ी है और आने वाले दिनों में यहां और भी सौंदर्यीकरण कार्य किए जाने की उम्मीद है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि परिसर को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सकारात्मक वातावरण भी उपलब्ध कराया जा सके।
Auto Amazon Links: No products found.