Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment

बिहियां, भोजपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बिहियां में नए सत्र 2026-27/28 की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। इस अवसर पर संस्थान परिसर में नव नामांकित छात्रों के लिए विशेष अभिविन्यास (ओरियंटेशन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को आईटीआई की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण व्यवस्था, अनुशासन तथा छात्र जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराना था।

कार्यक्रम में प्रख्यात मनोचिकित्सक डॉ. बिंदा सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए छात्र जीवन में आने वाले तनाव, मानसिक दबाव और विभिन्न प्रकार की परेशानियों से निपटने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्ट्रेस मैनेजमेंट, वेलनेस और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित रखने तथा पढ़ाई और प्रशिक्षण के बीच संतुलन बनाने की सलाह दी।

डॉ. बिंदा सिंह ने कहा कि छात्र जीवन सीखने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका समझदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामना करना चाहिए। उन्होंने छात्रों की जिज्ञासाओं और सवालों का जवाब देते हुए उनकी विभिन्न समस्याओं के व्यावहारिक समाधान भी बताए।


संस्थान की प्राचार्य श्रीमती सुगंधा ने नए छात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में नामांकन के लिए बधाई दी। उन्होंने छात्रों को आईटीआई की प्रशिक्षण प्रणाली, विभिन्न ट्रेडों, अनुशासन, उपस्थिति तथा प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाले अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से नियमित रूप से कक्षाओं और प्रायोगिक प्रशिक्षण में भाग लेने तथा संस्थान के नियमों का पालन करने की अपील की।

ओरियंटेशन कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने मुख्य अतिथि से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। छात्रों की उत्सुकता और भागीदारी ने कार्यक्रम को संवादात्मक और उपयोगी बना दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्थान के सभी ग्रुप अनुदेशकों श्री दयासिंधु कुमार एवं श्री ठाकुर चंदन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान नव नामांकित छात्रों का उनके संबंधित अनुदेशकों से परिचय कराया गया तथा नए सत्र से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश और जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में संस्थान के सभी अनुदेशक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान छात्रों में नए सत्र को लेकर उत्साह और सीखने की उत्सुकता देखने को मिली।
Auto Amazon Links: No products found.