Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment
पटना: राजकीय महिला महाविद्यालय, गुलजारबाग में सोमवार, 24 मार्च 2025 को बिहार दिवस के त्रिदिवसीय समारोह का भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता और बिहार से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रंगोली प्रतियोगिता में श्रुति दीप और मिताली कुमारी की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सिल्की कुमारी और खुशबू कुमारी की जोड़ी ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, मधु कुमारी और कोमल कुमारी की जोड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाते हुए पारंपरिक कजरी गीत पर लोकनृत्य और झिझिया नृत्य प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने समापन समारोह को और अधिक मनोरम बना दिया।
समारोह में पटना सिटी के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) श्री सत्यम सहाय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती श्रुति तेतरवे के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि को सम्मान स्वरूप पौधा और अंग वस्त्र भेंट किया गया।
अपने संबोधन में एसडीएम श्री सत्यम सहाय ने छात्राओं को बिहार की गौरवशाली इतिहास और संस्कृति पर गर्व करने तथा इसे और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या श्रीमती श्रुति तेतरवे ने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को इससे जुड़े रहने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी सहायक प्रोफेसर एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. उषा यादव ने किया, जबकि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन डॉ. कुमारी निमिषा ने किया।