Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment

पटना, 31 मई। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सिविल सर्जन डॉ. योगेंद्र प्रसाद मंडल के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में जागरूकता रैली निकाली गई तथा उपस्थित लोगों को किसी भी रूप में तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), हृदय रोग सहित कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। विशेषज्ञों ने कहा कि धूम्रपान, गुटखा, खैनी, जर्दा एवं अन्य तंबाकू उत्पाद न केवल सेवन करने वाले व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं, बल्कि उनके परिवार और आसपास के लोगों के लिए भी खतरा पैदा करते हैं।
जागरूकता रैली में एनसीडीओ (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज ऑफिसर) डॉ. रजनीश कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पियूष कुमार सहित अस्पताल के अन्य अधिकारी एवं कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। रैली के दौरान तंबाकू निषेध संबंधी संदेशों वाले बैनर और पोस्टर प्रदर्शित किए गए तथा लोगों से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई।
चिकित्सकों ने कहा कि तंबाकू से होने वाली बीमारियों की रोकथाम केवल जागरूकता और जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने लोगों से अपने स्वास्थ्य की रक्षा के लिए तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाए रखने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
Auto Amazon Links: No products found.