Global media Update tech Update & Automobile Life Style & Entertainment
राज्य में सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने हेतु बिहार की यातायात पुलिस सतत सक्रिय एवं कृत-संकल्प है। यातायात व्यवस्था को सुचारु किये जाने एवं सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु राज्य सरकार के दिशा-निदेश में यातायात पुलिस के द्वारा निरन्तर प्रयास किया जा रहा है। साथ हीं समय समय पर सम्पूर्ण राज्य में यातायात अभियान भी चलाये जा रहे हैं। राज्य में सुरक्षित यातायात हेतु व्यवस्थाओं में किये जा रहे सुधार, तैयारी, पारदर्शी एवं प्रभावी प्रवर्तन आदि के लिए बिहार पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई का संक्षिप्त विवरण निम्नलिखित हैः-
सडक दुर्घटनाओं को रोकने हेतु समेकित कार्रवाई
पारदर्शी एवं प्रभावी यातायात प्रवर्तन
तीन या उससे अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालक अनुज्ञप्ति को निलंबित / रद्द करने का प्रस्ताव
यातायात नियमों को आदतन तोड़ने वालों के विरूद्ध प्रवर्तन की कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए राज्य में यातायात नियमों के उल्लघंन के आँकड़ों के विस्तृत विश्लेषण के आधार पर लगभग 10,000 से अधिक ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित किया गया है, जिनके द्वारा तीन या उससे अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन किया गया है। ऐसे सभी मामलों में उल्लंघन करने वाले के चालक अनुज्ञप्ति को नियमानुसार निलंबित / रद्द करने का प्रस्ताव संबंधित जिला पुलिस द्वारा संबंधित अनुज्ञापन प्राधिकार (जिला परिवहन पदाधिकारी) को भेजा गया है।
यातायात व्यवस्था का निरन्तर सुदृढीकरण
साथ हीं राज्य के यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए यातायात पुलिस बलों की संख्या में वृद्धि लगातार की जा रही है। सूचित है कि इस हेतु पूर्व में कुल 10 हजार 332 पदों की स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा दी गई थी। वहीं, पूर्व से 12 जिलों में स्वीकृत यातायात बलों के अतिरिक्त राज्य के अन्य 28 जिलों में यातायात थानों हेतु 4,215 पद और हाइवे पेट्रोलिंग योजना के लिए कुल 1.560 यातायात बलों की स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा दी गई थी। साथ हीं पटना जिले में 1,807 अतिरिक्त यातायात बलों की स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा दी गई थी।